कृषि मंडी में मजदूरों की हड़ताल चौथे दिन समाप्त
फलोदी . जिला मुख्यालय पर स्थित कृषि उपज मंडी समिति फलोदी में पिछले चार दिनों से चल रही पल्लेदार मजदूरों की हड़ताल गुरूवार को सौहार्दपूर्ण माहौल में समाप्त हुई। गुरूवार दोपहर में कृषि मंडी के सभागार कक्ष में कृषि उपज मंडी व्यापार संघ फलोदी एवं फलोदी कृषि मंडी पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के पदाधिकारियों की हुई बैठक में आपसी सहमति बनते ही हड़ताल समाप्त हुई तथा सभी मजदूर काम पर लौट आये। हड़ताल समाप्त होते ही मंडी में 4 दिन से ठप पड़ा काम पुन: शुरू हो गया है। बैठक में लोडिंग 6 रूपये तथा प्रति ढेरी एवं तुलाई 13 रूपये प्रति नग करना तय किया गया है। समझौता वार्ता में कृषि मंडी व्यापार संघ फलोदी के संरक्षक गोपीचंद भठड़, अध्यक्ष जयप्रकाश लालजी पुरोहित, विजय शर्मा, मांगीलाल गोलेच्छा, सामाजिक न्याय केंद्र फलोदी के सचिव अशोक कुमार मेघवाल, पल्लेदार मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, पूर्व अध्यक्ष नारायणलाल छंगाणी, नकताराम मेघवाल, खेमाराम मेघवाल, सोहनलाल बिश्नोई, श्रवण बिश्नोई, पूराराम मेघवाल, हबीब खोखर, चैनाराम मेघवाल, कमल किशोर मेघवाल, नानकराम मेघवाल, चंदन कुमार मेघवाल सहित दर्जनों व्यापारी भी शामिल हुए। अंत में अध्यक्ष जयप्रकाश लालजी पुरोहित ने आभार व्यक्त किया।