यामी गौतम की ‘नई नवेली’ का टीजर आउट, दुल्हन पर डायन होने का शक
मुंबई। यामी गौतम धर की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और दिलचस्प हो गया है। मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का टीजर जारी कर दिया। करीब 1 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर में एक साधारण परिवार की कहानी के बीच डरावने रहस्य और मजेदार घटनाओं की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म की कहानी मेरठ के एक ऐसे परिवार पर आधारित है, जहां पहले से ही काफी उथल-पुथल मची हुई है। इसी घर में एक नई दुल्हन की एंट्री होती है। यामी गौतम का किरदार पहली नजर में बेहद समझदार, प्यारा और आदर्श बहू जैसा दिखाई देता है। वह अपने प्यार और समझदारी से परिवार को जोड़ने और घर में खुशियां वापस लाने की कोशिश करती है।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आता है और नई बहू धीरे-धीरे परिवार के सदस्यों का दिल जीत लेती है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब उसके देवर को अपनी भाभी पर शक होने लगता है। उसे लगता है कि इतनी परफेक्ट और अच्छी बहू के पीछे कोई बड़ा राज छिपा है। देखते ही देखते उसका शक इस सवाल में बदल जाता है कि कहीं उसकी भाभी असल में डायन तो नहीं।
टीजर में यामी गौतम का एक डायलॉग भी ध्यान खींचता है। वह अपने किरदार के अंदाज में कहती नजर आती हैं, “दो डायन, तीन पिशाच और चार भूत को मैं सुबह नाश्ते में खा जाती हूं।” इस डायलॉग से फिल्म के हॉरर के साथ कॉमेडी वाले अंदाज की झलक साफ मिलती है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर टीजर शेयर करते हुए मोहिनी के नाम से दर्शकों से खास अंदाज में गुजारिश की। टीजर में घरेलू माहौल, पारिवारिक रिश्तों और डरावनी घटनाओं को हास्य के साथ पेश किया गया है। यही मिश्रण फिल्म को सामान्य हॉरर फिल्मों से अलग अंदाज देने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने कलर येलो प्रोडक्शन और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले किया है। इसकी कहानी और पटकथा हिमांशु शर्मा तथा दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जी. वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है।
फिल्म में यामी गौतम धर मुख्य भूमिका में हैं। कहानी में हॉरर, फैंटेसी, कॉमेडी और पारिवारिक रिश्तों को एक साथ पिरोया गया है। अब फिल्म की पूरी कहानी और इसके रहस्य से पर्दा 16 अक्टूबर को उठेगा, जब ‘नई नवेली’ दशहरे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।