Dark Mode
यशस्वी जायसवाल ने की वीरेंद्र सहवाग के क्लब में एंट्री, वीरू ने की तारीफ

यशस्वी जायसवाल ने की वीरेंद्र सहवाग के क्लब में एंट्री, वीरू ने की तारीफ

भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपने बल्ले से कमाल दिखा रहे हैं। उन्होंने अब एक और शानदार पारी खेली है। यशस्वी ने शनिवार को राजकोट में जारी तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और शतक लगाया। वह 133 गेंदों में 104 रन बनाकर रिटायर्ट हर्ट हो गए। उन्होंने इस दौरान 9 चौके और 5 छक्के भी जड़े। ये उनका टेस्ट करियर का तीसरा शतक जबकि इस सीरीज का दूसरा शतक था। इसके साथ ही वह वीरेंद्र सहवाग के खास क्लब में शामिल हो गए। बता दें कि, यशस्वी संयुक्त रूप से सातवें सबसे तेज टेस्ट शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 13 टेस्ट पारियों में ये कारनामा किया है। सहवाग और पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भी इतनी ही पारियों में ऐसा किया था। यशस्वी के तीसरे टेस्ट शतक केबाद सहवाग ने उनकी तारीफ की। सहवाग ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''यशस्वी का बैक टू बैक शतक। स्पिनरों के खिलाफ वैसा ही खेले, जैसा खेला जाना चाहिए। दे दना दन।"
भारत की ओर से राजकोट टेस्ट में अब तक तीन खिलाड़ी सेंचुरी जमा चुके हैं। कप्तान रोहित शर्मा ने पहली पारी में 131 और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 112 रन बनाए थे। बता दें कि, 6 साल बाद तीन भारतीयों ने एक ही टेस्ट में शतक लगाया है। इंग्लैंड से पहले 2018 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध ये दमदार नजारा दिखा था। दिलचस्प बात ये है कि तब राजकोट के मैदान पर पृथ्वी शा, विराट कोहली और जडेजा ने सैकड़ा बनाया था।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!