लाठी-भाटा जंग और फायरिंग में युवक की मौत
धौलपुर। कंचनपुर थाना क्षेत्र के रहल गांव में खेत के विवाद को लेकर शनिवार शाम को दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान लाठी, डंडों और फरसों से हमला कर फायरिंग भी की गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि रहल गांव में दो पक्षों में खेत को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। विवाद में आरोप है कि खेत मालिक ने पैसे एक पार्टी से लिए है और रजिस्ट्री दूसरी पार्टी के नाम कर दी है। ऐसे में शनिवार को एक पक्ष के बनवारी, धर्मवीर, सज्जन, कल्ली, जीतू सहित अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें दूसरे पक्ष का युवक रिंकू पुत्र दामोदर गुर्जर घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और एक पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हमले में दूसरे पक्ष का रामदीन घायल बताया गया है। जिसके छर्रे लगे है।
कंचनपुर थानाधिकारी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि रहल गांव में झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच खेत को लेकर विवाद है। जिसको लेकर मामले की जांच जारी है। घटना के बाद मृतक युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है तथा मौके से फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।