ट्रैक्टर और बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, 4 घायल
धौलपुर। सैंपऊ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम बोलेरो और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं बोलेरो सवार 4 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोलेरो सवार सभी लोग गमी में शामिल होकर वापस मुरैना (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे। थाना प्रभारी हरभान सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर कुम्हेरी गांव के पास सैंपऊ की ओर से आ रही बोलेरो गाड़ी की धौलपुर की ओर से आ रहे पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हई। हादसे में बोलेरो सवार एक युवक की मौत हो गई। बोलेरो सवार मुरैना (एमपी) के रहने वाले हैं। जो सैंपऊ में एक गमी में शामिल होने के लिए आए थे। गमी में शामिल होने के बाद जब बोलेरो सवार वापस लौट रहे थे तो कुम्हेरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बोलेरो गाड़ी की भिड़ंत हो गई। हादसे में हरिओम (25) पुत्र सुदामा निवासी लालोर खुर्द सिटी कोतवाली मुरैना की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो सवार लीलावती (45) पत्नी सुदामा, सुदामा (50) पुत्र भगवान सिंह, रामबेटी (60) पत्नी हाकिम सिंह, गुड्डी (52) पत्नी गोपाली निवासी मुरैना घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में सभी का इलाज किया जा रहा है।