अवैध संबंधों के कारण युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
टोंक। जिले के पुलिस थाना पचेवर क्षेत्र में विगत दिनों एक युवक की कुएं में मिली लाश के मामले में पुलिस द्वारा किये गये अनुसंधान के बाद अवैध संबंधों के चलते की गई युवक की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर ब्लाईंड मर्डर का खुलासा किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार बैरवा ने बताया कि 15 दिन पहले गुम हुए युवक घनश्याम पुत्र तेजू भील (19) साल निवासी सांस की 14 अप्रैल को कुएं में लाश मिलने के बाद मृतक के भाई प्रह्लाद ने पुलिस थाना पचेवर में हत्या का मामला दर्ज कराया था, जिसकी जांच पचेवर थानाधिकारी राजमल कुमावत द्वारा की गई। पचेवर थानाधिकारी राजमल कुमावत ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते मृतक की नाबालिक पत्नी ने दो युवकों के साथ मिलकर गला रेत कर अपने पति की हत्या कर उसे कुएं में डाला गया था। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों जिनमें प्रधान जाट पुत्र रामधन जाट निवासी कुडली व अभिषेक मीणा पुत्र राधेश्याम मीणा निवासी कुंडली थाना फागी को गिरफ्तार कर नाबालिक पत्नी को हिरासत में लिया गया है। उन्होने बताया कि नाबालिक पत्नी व दोनों युवकों ने मृतक युवक के साथ शराब पीकर बीयर की बोतल से गले को काटकर हत्या करके सांस गांव से करीब 4 किलोमीटर दूर जंगल में एक कुएं में डालकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले की जांच बारीकी से करते हुए करीब 200 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने पर मालूम हुआ कि मृतक घनश्याम की पत्नी के साथ लगभग डेढ़ वर्ष से अवैध संबंध प्रधान जाट के साथ थे। करीब छ: माह पहले मृतक का विवाह होने से आरोपी प्रधान जाट नाखुश था, जिसने मृतक की पत्नि के द्वारा करीब तीन माह पहले से मृतक घनश्याम भील को मारने की योजना बनाना प्रारम्भ कर दिया था, जिसके चलते मुख्य आरोपी प्रधान जाट ने 1 अप्रैल को अपने सहयोगी अभिषेक मीणा के साथ मोटरसाईकिल से ग्राम सास पहुंच मृतक घनश्याम भील को अपने साथ ग्राम सोटवाड़ा से आगे कच्चे रास्ते के पास बबूलों की आड़ में शराब पिलाने के बहाने ले जाकर दोनों आरोपीगणों द्वारा मृतक घनश्याम भील की बियर की बोतलों व ब्लेड से गला काटकर व सिर में बियर की बोतलों से वार कर बेहरमी से हत्या कर दी तथा घटना स्थल से दूर सुनसान जंगल में ले जाकर कुंऐं में मृतक को डालकर फरार हो गये थे। आरोपीगणों से पूछताछ जारी है।