उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में युवक की गोली मार कर हत्या
सुल्तानपुर। सुल्तानपुर जिले में अज्ञात लोगों ने कथित रूप से गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार देर शाम जिले के चांदा थाना क्षेत्र में कोइरीपुर रेलवे स्टेशन के पास की है और मृतक की पहचान कस्बा सिहौली निवासी सुशील यादव (22) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि यादव देर शाम किसी काम से घर से निकला था, लेकिन घर से आधा किलोमीटर दूर ही अज्ञात लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। उन्होंने बताया कि युवक को घायल अवस्था में अमरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बर्मा ने बताया कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।