युवा कदम, मजबूत लोकतंत्रः इलेक्टोरल क्लब की पहल
धौलपुर। राजकीय महाविद्यालय, धौलपुर के इलेक्टोरल लिटरेसी के तत्वावधान में भारत निर्वाचन आयोग के नवीनतम डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट एवं ईएलसी 2.0 अभियान पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ करते हुये प्राचार्य डॉ. गिर्राज सिंह मीना ने बताया कि ईसीआईनेट के माध्यम से देश भर के सभी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सीधे भारत निर्वाचन आयोग के नेशनल नेटवर्क के जोडा जा रहा है। उन्होनें कहा कि यह तकनीक युवाओं को केवल मतदाता नहीं बनाती बल्कि सजग नागरिक भी बनाती है ताकि वे सही व गलत सूचनाओं के बीच अंतर समझकर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना नेतृत्व दे सकें। क्लब प्रभारी डॉ. विश्वम्भर दयाल पाराशर ने बताया कि ईएलसी 2.0 के तहत विद्यार्थी रटने के बजाय खेलकूद, क्विज और मॉक पोलिंग जैसी इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से ईवीएम और चुनावी नियमों को लाइव समझते हैं। क्लब सदस्य अनुपम पाराशर ने बताया कि सी-विजिल, ई-एपिक तथा रोल से पोल जैसी 40 से अधिक डिजिटल सेवायें अब नागरिकों हेतु सिंगल क्लिक पर उपलब्ध है। क्लब सह-प्रभारी डॉ. विनोद कुमार गर्ग ने बताया कि वोटर लिस्ट में नाम जुडवाने हेतु फार्म-6, नाम हटाने एवं ऑबजेक्शन हेतु फार्म-7 तथा वोटर लिस्ट करेक्शन हेतु फार्म-8 का उपयोग किया जाता है। क्लब के वाणिज्य संकाय प्रजेंटर सरिता कुमारी ने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज स्तर पर आयोजित निर्वाचन गतिविधियों की रिपोर्ट, फोटो तथा वीडियो सीधे म्ब्प्छम्ज् पोर्टल पर अपलोड किये जा सकते हैं। क्लब के विज्ञान संकाय प्रजेंटर भूपेन्द्र प्रजापत ने विद्यार्थियों को आगामी पंचायत चुनावों में निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर क्लब के एंबेसडर रामकेश कुशवाह, स्नेहा कुमारी भारती तथा समस्त सदस्य उपस्थित रहे।