डीडवाना : हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियां
- विद्यालयों से आंगनबाडियों तक तक लहराया देशभक्ति का रंग
- रंगोली, रैली, प्रदर्शनी की माध्यम से छात्र- छात्राओं व नन्हें- मुन्ने बच्चों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
डीडवाना। हर घर तिरंगा अभियान पूरे जिले में उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति प्रेम व सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के विद्यालयों, आंगनबाडियों, नगर परिषद व पालिका द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार व शुक्रवार को जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा व रैली, पोस्टर मेकिंग, तिरंगा राखी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं एवं विविध कार्यक्रमों जरिये राष्टभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर शुक्रवार को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर तिरंगा रंगोली कार्यक्रम और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे- मुन्ने बच्चों ने तिरंगे के साथ विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया।जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत ने बताया कि “हर घर तिरंगा”अभियान के तहत जिले में विविध गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी बढ़ाकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में अलग- अलग कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की है 15 अगस्त तक इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएं, अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति करें तथा इसकी तस्वीरें ऑनलाइन पोर्टल पर साझा करें।