Dark Mode
ड्रोन से पीछा कर 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

ड्रोन से पीछा कर 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

टाेंक। टोंक में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए चेजा पत्थर माफिया पर छापामार कार्रवाई की। डीएसटी और क्यूआरटी टीम के साथ तीन थानों की पुलिस ने ड्रोन की मदद से खनन माफियाओं का पीछा कर 11 पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर लीं। इस दौरान अवैध खनन में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई जिला मुख्यालय से जयपुर रोड की ओर करीब पांच किलोमीटर दूर कच्चा-बंधा वन क्षेत्र में की गई। पुलिस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। कई माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर पहाड़ी रास्तों से फरार हो गए। यह कार्रवाई डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में की गई। इसमें डीएसटी (जिला स्पेशल टीम), क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के साथ कोतवाली, सदर और पुरानी टोंक थाना पुलिस शामिल रही। सशस्त्र पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। सबसे पहले पुलिस ने अवैध खनन की लोकेशन ट्रेस की और इलाके से निकलने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया। इसके बाद एक साथ दबिश दी गई। पुलिस टीमों को देखते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पत्थरों से भरे वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन ड्रोन के जरिए उनका पीछा कर 11 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया गया। मौके से दो बाइक भी बरामद की गई हैं। पुलिस से बचने के लिए एक चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज गति से भगाया, लेकिन इस दौरान ट्रॉली पलट गई। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार जहां खनन किया जा रहा था वह अरावली पर्वत श्रृंखला का हिस्सा है, जहां खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। निगरानी की कमी का फायदा उठाकर यहां लंबे समय से अवैध खनन किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद पुलिस ने वन विभाग को मौके पर बुलाया। वन विभाग के एसीएफ अनुराग महर्षि समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!