Dark Mode
5 साल बनाम 34 माह: विकास के हर क्षेत्र में भजनलाल सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से किए अधिक कार्य – मदन राठौड़

5 साल बनाम 34 माह: विकास के हर क्षेत्र में भजनलाल सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से किए अधिक कार्य – मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल और वर्तमान भाजपा सरकार के 34 माह के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखें। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 34 माह में विकास और जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की डिबेट की चुनौती पर कहा कि बहस करनी है तो आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में करें। मीडिया के सामने भी सरकारों के कामकाज की तुलना तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 5 वर्ष के कांग्रेस शासन और 34 माह के भाजपा शासन के विभागवार आंकड़े सार्वजनिक हैं। कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने पांच वर्षों में गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के लिए क्या ठोस काम किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास विभागवार आंकड़े है, जो कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल और भाजपा सरकार के 34 माह के कार्यकाल के बीच अंतर स्पष्ट करते हैं। राठौड़ ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में ही दोनों सरकारों के कामकाज की तुलना की जा सकती है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 52,182 हेक्टेयर सिंचाई सुविधा सृजित की, जबकि भाजपा की भजनलाल सरकार ने 34 माह में 1,42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की। पाइपलाइन अनुदान योजना में कांग्रेस शासन के पांच वर्षों में 91,582 किसानों को लाभ मिला, जबकि वर्तमान सरकार के 34 माह में 98,753 किसानों को लाभान्वित किया गया। खेत तलाई निर्माण में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 29,430 कार्य करवाए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 35 हजार 893 कार्य करवाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि फार्म पॉन्ड निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में केवल 202 करोड़ रुपए का अनुदान दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 369 करोड़ रुपए का अनुदान दिया। इसी प्रकार खेतों की तारबंदी में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 113 लाख मीटर तारबंदी करवाई, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई। तारबंदी अनुदान में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 113 करोड़ रुपए की तुलना में वर्तमान सरकार ने 511 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। राठौड़ ने कहा कि ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1.83 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध करवाई। इन संयंत्रों पर अनुदान के रूप में कांग्रेस ने 842 करोड़ रुपए दिए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1304 करोड़ रुपए का अनुदान दिया। शेडनेट हाउस निर्माण में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 8.60 लाख वर्गमीटर की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10.91 लाख वर्गमीटर का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा और कृषि उपकरणों के क्षेत्र में भी वर्तमान सरकार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। सोलर पंप सेट की स्थापना कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 63,140 किए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 67,408 सोलर पंप सेट की स्थापना कर दी।

शिक्षा और आधारभूत संरचना में भी हुआ तेजी से विकास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में स्कूली विद्यार्थियों को एक भी लैपटॉप या टेबलेट वितरित नहीं किया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 88,724 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए। महाविद्यालय भवन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 57 भवनों का निर्माण करवाया, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 229 भवनों का निर्माण करवाया। पॉलिटेक्निक कॉलेजों की संख्या में कांग्रेस के पांच वर्ष के पांच कॉलेजों की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 21 कॉलेजों का कार्य किया। संस्कृत महाविद्यालयों के मामले में भी कांग्रेस के पांच वर्ष में तीन की तुलना में भाजपा सरकार ने 34 माह में 17 महाविद्यालयों का कार्य किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन स्वीकृतियों में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 77,950 स्वीकृतियां जारी कीं, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1,25,000 नवीन स्वीकृतियां जारी की हैं। सड़क निर्माण के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 13,160 किलोमीटर नवीन सड़कें बनवाईं, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 18,917 किलोमीटर नवीन सड़कों का निर्माण करवाया। गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने के मामले में कांग्रेस ने पांच वर्ष में 1,104 गांव जोड़े, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 1,707 गांवों को जोड़ा। मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 6,614 किलोमीटर की तुलना में वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,030 किलोमीटर सड़कें बनाई हैं।

ऊर्जा, ग्रामीण विकास और जनकल्याण में भी आगे बढ़ा राजस्थान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि के मामले में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 3,952 मेगावाट की वृद्धि की, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,920 मेगावाट की वृद्धि की है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 15,000 मेगावाट की क्षमता विकसित की, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 28,303 मेगावाट की क्षमता विकसित की। चार सौ केवी के सब स्टेशन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में केवल एक सब स्टेशन बनाया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में दो सब स्टेशन बनाए। जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी वर्तमान सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1,233 करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 2,135 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!