सड़क हादसे में 6 पुलिसकर्मियों की मौत
सुजानगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झुंझुनूं में होने वाली चुनावी सभा में ड्यूटी पर जा रहे 6 पुलिसकर्मियों की सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक घायल हो गया। क्षेत्र के गांव कानूता के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर पुलिसकर्मियों की कार सडक़ किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार का आगे का आधा हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया तथा मृतकों के शव कार में फंस गए। मौके पर पंहूची सुजानगढ़ सदर थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक में फंसी कार को बाहर निकाला। हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों को ग्रीन कॉरीडोर बना कर नागौर के जिला अस्पताल पंहूचाया गया। रास्ते में एक घायल ने दम तोड़ दिया, इसके बाद दूसरे घायल को नागौर अस्पताल से जोधपुर ले जाया गया। सुजानगढ़ डीएसपी शकील अहमद ने बताया कि झुंझुनूं में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में नागौर जिले के खींवसर थाने के सात पुलिसकर्मी जायलो गाड़ी में सवार हो कर ड्यूटी पर जा रहे थे। कानूता के पास कार एक ट्रक में पीछे से घुस गई। जिससे पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो घायल हो गए। मृतकों की डेड बॉडी कानूता सीएचसी में रखवाई गई है। वहीं घायलों को जोधपुर ले जाया गया है। जहां एक पुलिसकर्मी ने दम तोड़ दिया। एक पुलिसकर्मी का इलाज जारी है। हादसे के बाद से ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। डीएसपी शकील अहमद ने बताया कि खींवसर (नागौर) थाने के एएसआई रामचंद्र, कांस्टेबल कुंभाराम, कांस्टेबल थानाराम, कांस्टेबल सुरेश मीणा व महिला थाना नागौर के कांस्टेबल महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं खींवसर थाने के हेड कांस्टेबल सुखाराम और कांस्टेबल सुखाराम दोनों को गंभीर हालत में जोधपुर ले जाया गया है। मेड़ता सीटी के गांव मोकला निवासी कांस्टेबल सुखाराम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर नागौर एसपी, नागौर एएसपी, सुजानगढ़ एएसपी सुनील कुमार, सुजानगढ़ डीएसपी शकील अहमद, सुजानगढ़ सदर थाने के सीआई रतिराम मौैके पर पंहूचे। सभी मृतकों के शवों को कानूता सीएचसी से नागौर जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां पर मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद नागौर पुलिस लाइन में दिवंगत पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।