70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता सम्पन्न, जयपुर का दबदबा
जोधपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग राजस्थान, बीकानेर के निर्देश और शिक्षा विभाग जोधपुर के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्रा लॉन टेनिस प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुलिस लाइन, जोधपुर के संयोजन में हुई इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में डीईओ माध्यमिक प्रतिभा शर्मा मुख्य अतिथि रहीं, जबकि उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद डॉ. भूपेंद्र सिंह सोढ़ा ने अध्यक्षता की। एडीईओ विशाल शर्मा, पार्षद नगेन्द्र सिंह शेखावत, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उमा, भामाशाह कुंवर सिंह राठौड़, आरएसएम स्कूल के निदेशक तथा विजय राज देवड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुकाबलों के नतीजों में जयपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा प्रभावी रहा। अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में जयपुर की आराध्या मीणा ने स्वर्ण पदक जीता। जोधपुर की रौनक राठौड़ को रजत और अजमेर की साक्षी को कांस्य पदक मिला। अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में जयपुर प्रथम की जान्हवी काजला ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पाली की अभिलाषा गौड़ ने रजत और पाली की ही आराधना गौड़ ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-17 छात्र एकल वर्ग में जोधपुर के आरव गालवा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अजमेर के अवि अग्रवाल ने रजत और अजमेर के रौनक दाधीच ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 छात्र एकल वर्ग में जयपुर प्रथम के मनित पंवार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जोधपुर के वर्धमान सिंह को रजत तथा जयपुर प्रथम के अश्विन छिलर को कांस्य पदक मिला।
टीम स्पर्धाओं में भी अलग-अलग जिलों की टीमों ने अपनी ताकत दिखाई। अंडर-17 बालिका वर्ग में जयपुर ने पहला, अजमेर ने दूसरा और जोधपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में पाली की टीम विजेता रही, जबकि जयपुर दूसरे और अजमेर तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-17 बालक वर्ग में अजमेर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। जयपुर दूसरे और जोधपुर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में जयपुर ने बाजी मारी। जोधपुर की टीम दूसरे और टोंक की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन जोधपुर की ओर से प्रत्येक खिलाड़ी को स्टील की पानी की बोतल उपहार में दी गई। इस पहल के जरिए खिलाड़ियों को प्लास्टिक के कम इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
समापन समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग देने वाले भामाशाहों का भी शिक्षा विभाग की ओर से माला, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। संयोजक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बना दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों और शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संयोजक विद्यालय की पूरी टीम ने भी आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने में विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन रतन सिंह चम्पावत ने किया।