जिला गोपालन समिति की बैठक आयोजित
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गोपालन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गौशालाओं एवं नंदी शालाओं को दी जाने वाली सहायता राशि, गौशाला विकास योजना तथा विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर अनुमोदन किया गया। बैठक में वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण के अनुदान, वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के 120 दिवस की सहायता राशि तथा विशेष चरण के 90 दिवस की अतिरिक्त सहायता राशि के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रथम चरण में 122 पात्र गौशालाओं के 68,437 गोवंश के लिए कुल 37 करोड़ 3 लाख 5 हजार रुपये की सहायता राशि का भुगतान के लिये अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार विशेष चरण में 10 पात्र गौशालाओं/नंदीशालाओं के 250 नर गोवंश, दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग गोवंश के लिए कुल 10 लाख 30 हजार 500 रुपये की सहायता राशि का भुगतान के लिये अनुमोदन किया गया। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविन्द मित्तल ने बताया कि बैठक में पिछले चरण से 20 प्रतिशत से अधिक गोवंश की बढ़ोतरी वाली गौशालाओं को सहायता राशि दिए जाने, पात्र गौशालाओं की अद्यतन कार्यकारिणी को वेब पोर्टल पर अपलोड करने, गौशाला विकास योजना के तहत विभिन्न कार्यकारी संस्थाओं द्वारा पूर्ण किए गए निर्माण कार्यों के दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा जिले की 10 गौशालाओं को रियायती दरों पर मशीन उपलब्ध करवाने सहित अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरिराम चौहान, जिला कोषाधिकारी श्रीमती योजना, संयुक्त निदेशक कृषि श्री जसवंत बराड़, पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता श्री रोशन लाल, डॉ. राजीव शर्मा शाखा प्रभारी गौपालन एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।