Dark Mode
झालावाड़ के गंगधार थाने के लिए बनेगा नवीन भवन - गृह राज्य मंत्री

झालावाड़ के गंगधार थाने के लिए बनेगा नवीन भवन - गृह राज्य मंत्री

जयपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि झालावाड़ के गंगधार थाने के नवीन भवन का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार भूमि की उपलब्धता और वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने सदन को जानकारी दी कि बीकानेर जिले में हाल ही हुए मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधी को डिटेन कर लिया गया है। गृह राज्य मंत्री बेढ़म प्रश्नकाल के दौरान सदस्य कालूराम द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि झालावाड़ के गंगधार थाने की मरम्मत के लिए 16 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत कर मरम्मत का कार्य शुरु किया गया था। इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत के स्थान पर नवीन भवन के लिए सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि गंगधार थाने की बिल्डिंग का कुछ हिस्सा सही अवस्था में है। इसके उपयोग के साथ-साथ थाने के नवीन भवन निर्माण के लिए निर्धारित मापदंडों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। बेढ़म ने कहा कि झालावाड़ के डग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने के लिए परीक्षण करवाया जा रहा है। परीक्षण उपरांत औचित्यपूर्ण सिफारिश आने पर कार्यालय खोलने पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के सुपरवाइजरी और इन्वेस्टिगेटरी ऑफिस क्षेत्र में अपराधों की संख्या, अपराध का प्रकार आदि के आधार पर किया जाता है। इससे पहले विधायक कालूराम के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने बताया कि झालावाड़ जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के 3 पद स्वीकृत है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, झालावाड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सैल, झालावाड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सैल झालावाड़। उन्होंने बताया कि तीनों कार्यालय मिनी सचिवालय जिला मुख्यालय पर संचालित हैं। बेढ़म ने बताया कि डग नगरपालिका क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोले जाने संबंधी प्रस्ताव वर्तमान पुलिस मुख्यालय स्तर परीक्षणाधीन है। परीक्षणोपरान्त पुलिस मुख्यालय की औचित्यपूर्ण टिप्पणी सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर डग नगरपालिका क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोले जाने पर विचार किया जा सकेगा। गृह राज्य मंत्री ने बताया कि झालावाड़ जिले के पुलिस थाना गंगधार का प्रशासनिक भवन जर्जर अवस्था में होने के कारण अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग खण्ड चौमहला द्वारा 13 जनवरी 2026 को सुरक्षा की दृष्टि से नाकारा घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से सूचना प्राप्त की जा रही है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!