Dark Mode
स्वच्छता का संकल्प, श्रमदान पर जोर

स्वच्छता का संकल्प, श्रमदान पर जोर

जयपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। इस दौरान नितिन नवीन ने आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संकल्प लेने की अपील की।

नितिन नवीन ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे लोगों की रोजमर्रा की आदत और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने आसपास सफाई रखें और जहां संभव हो, श्रमदान के जरिए स्वच्छता अभियान में योगदान दें।

गांधी के स्वच्छता संदेश का किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांधी ने देश की राजनीतिक लड़ाई के साथ सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया था। उनके अनुसार, स्वच्छता के प्रति देश में बढ़ी जागरूकता को अब व्यवहार में उतारने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए सरकारी प्रयासों के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। स्थानीय स्तर पर लोग अपने घर, आसपास के सार्वजनिक स्थान और मोहल्ले को साफ रखने में योगदान दें तो अभियान का असर व्यापक हो सकता है।

पौधारोपण और स्वच्छता मित्रों का सम्मान

स्वच्छता कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पौधारोपण किया। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के साथ हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। इसके बाद दोनों नेताओं ने सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों से मुलाकात की। स्वच्छता मित्रों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया और उनसे बातचीत कर उनके हालचाल भी जाने।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा और डॉ. अलका गुर्जर, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!