पाली संसदीय क्षेत्र में कुल 66 सहायक मतदान केन्द्र स्थापित
पाली। लोकसभा आम चुनाव-2024 के मद्देनजर पाली संसदीय क्षेत्र (15) में 1450 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों पर कुल 66 सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किये गये हैं। पाली संसदीय क्षेत्र के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एल एन मंत्री ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर पाली संसदीय क्षेत्र में 1450 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों पर सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किये जाने के लिए निर्वाचन विभाग को भिजवाये गये प्रस्ताव के अनुमोदन के उपरांत पाली में कुल 66 सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि पाली संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभा क्षेत्र में पाली विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 15 सहायक मतदान केंद्र तथा सोजत विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 3 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए है।
उन्होंने बताया कि पाली संसदीय क्षेत्र में कुल 2267 मतदान केंद्र स्थापित किए गए है, जिसमें से 66 सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। सोजत विधानसभा क्षेत्र में कुल 252 मतदान केंद्र में से 3 मतदान केंद्र को सहायक मतदान केंद्र बनाए गए है। इसी तरह पाली विधानसभा क्षेत्र में कुल 266 मतदान केंद्रों में 15 सहायक मतदान केंद्र, मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र में कुल 298 मतदान केंद्रों में 11 सहायक मतदान केंद्र, बाली विधानसभा क्षेत्र में 312 मतदान केंद्रों में 8 सहायक मतदान केंद्र, सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 301 मतदान केंद्रों में 7 सहायक मतदान केंद्र, ओसियां विधानसभा क्षेत्र में कुल 260 मतदान केंद्रों में 12 सहायक मतदान केंद्र, बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल 286 मतदान केंद्रों में 4 तथा भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 292 मतदान केंद्रों में 6 सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए है।