आम आदमी पार्टी ने बनाई आंबेडकर जयंती
जयपुर. संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती पर आम आदमी पार्टी ने अंबेडकर सर्किल स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । इस अवसर पर पालीवाल जी ने कहा कि बाबा साहब ने समानता, आज़ादी, सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जनता को संविधान दिया। लेकिन दुर्भाग्य यह कि राजस्थान सरकार संविधान की धज्जियाँ उड़ा रही है। विधायकों को सरेआम धमकी मिल रही है, युवा बेरोज़गारी की मार झेल रहे हैं। किसान पीड़ित है।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने आगे कहा कि बाबा साहेब ने देश को एक ऐसा संविधान दिया जो हमें समानता का अधिकार देता है । आज राजस्थान में कानून व्यवस्था की हालत यह है की चार चार विधायकों को धमकी मिल रही है । तो आप अंदाजा लगा सकते हैं की राजस्थान की आम जनता की क्या स्थिति होगी । नवीन पालीवाल ने कहा आज प्रदेश का युवा छात्र और किसान सब परेशान हैं । साथ ही नवीन पालीवाल ने बाड़मेर में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा राजस्थान में लोकतंत्र को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी लड़ रही है। आम आदमी पार्टी बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए संविधान को बचाने का पूरा प्रयास करेगी ।
मीडिया से बातचीत के दौरान नवीन पालीवाल ने कहा की आम आदमी पार्टी के दिल्ली और पंजाब में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कामों की चारों तरफ सराहना हो रही है । अब राजस्थान की जनता भी यही चाहती है कि राजस्थान की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था भी दिल्ली की तर्ज पर हो । जिससे उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो सके । इसलिए जनता अब आम आदमी पार्टी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है ।