दहेज प्रताड़ना के मामले में फरार पति गिरफ्तार
धौलपुर। महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में कोर्ट के आदेश पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक मुरैना मध्य प्रदेश का रहने वाला है। जिसे पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है। दहेज प्रताड़ना के मामले में पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी।
महिला थाना प्रभारी छवि फौजदार ने बताया कि साल 2016 में धौलपुर की रहने वाली महिला गौरी वर्मा ने अपने पति मनोज कुमार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्कालीन समय में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया। कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बाद से ही आरोपी युवक लगातार फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर एक साल पहले कोर्ट ने वारंट जारी किया। थाना प्रभारी ने बताया कि कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस दहेज प्रताड़ना के मामले में फरार आरोपी मनोज (35) पुत्र रमेश चंद सोनी निवासी मुरैना मध्य प्रदेश की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद हेड कॉन्स्टेबल अशोक सिकरवार की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।