जोधपुर गैंगरेप घटना को लेकर एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
टोंक । अभाविप ने राज्य में बढ़ते महिला अत्याचार एवं जेएनवीयू जोधपुर केम्पसमे गैंगरेप आरोपियों को कठोर सजा दी जाने तथा बिना तथ्य अभाविप कार्यकर्ताओं को इस मामले में जोडऩे के खिलाफ टोंक कॉलेज में मुख्यमन्त्री का पुतला फूंका तथा कलक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन करके राज्यपाल के नाम अति. जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। अभाविप विभाग संयोजक धारासिंह गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा चुनावी वर्ष में अभाविप को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। राज्यपाल के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को छात्र संघ अध्यक्ष देवेंद्र देवंदा,जिला संयोजक विनोद खींची, नगर मन्त्री ओमप्रकाश सेनी आदि ने दिये गये ज्ञापन में बताया कि 15 जुलाई की रात को जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के कैम्पस में हुई नाबालिग से गैंगरेप की घटना अत्यंत शर्मनाक है। राज्य की कांग्रेस सरकार में बलात्कार, हत्या सहित महिला अत्याचार की वारदातें बढ़ रही है, इतना ही नही अपराधों को रोकने व कानून व्यवस्था बनाए रखने में राज्य सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी। अभाविप ने जेएनवीयू डीसीपी अमृता दुहन की तरफ से आरोपियों का नाम अभाविप से जोडऩे को सोची समझी साजिश बताते हुए निंदा की है, साथ ही राज्यपाल से डीसीपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।