एसीबी ने रजिस्ट्रार ऑफिस के स्टोर में पकड़ा घूसखोर बाबू
बीकानेर। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ मुहिम के तहत शुक्रवार की सुबह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बीकानेर की टीम ने यहां लालगढ़ करणीनगर के गांधी नगर स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस के एक बाबू को हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है । ब्यूरों टीम की इस कार्यवाही से रजिस्ट्रार ऑफिस में हडक़ंप सा मच गया। एसीबी के इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गत 24 जुलाई को लूणकरणसर निवासी परिवादी वासुदेव शर्मा पुत्र पूर्णाराम शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि मेरी जमीन से जुड़े कागजातों की प्रतिलिपि देने की एवज में रजिस्ट्रॉर ऑफिस के स्टोर का बाबू अशीष तंबोली पन्द्रह सौ रूपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद शुक्रवार सुबह परिवादी वासुदेव शर्मा को कैमिकल लगे नोट देकर आरोपी अशीष तंबोली के पास भेजा,मौके पर आरोपी ने पन्द्रह सौ के बजाय हजार रूपये वसूले,परिवादी का इशारा मिलते ही मौके पर तैनात एसीबी टीम ने उसे रंग हाथों गिरफ्त में लेकर हाथ धूलवाये तो रंग गुलाबी आ गया ।
गिरफ्त में आने पर जोडऩे लगा हाथ
जानकारी के अनुसार एसीबी ने जाल बिछाकर जैसे ही घूसखोर बाबू अशीष तंबोली को दबोचा,वह बुरी तरह घबरा गया और कार्यवाही से बचने के लिये हाथ जोडऩे लगा। एसीबी ने आरोपी के बैंक खातों की डिटेल भी खंगाली है। बताया जाता है कि आशीष तंबोली पिछले काफी समय से रजिस्ट्रार ऑफिस के स्टोर में तैनात था । कार्यवाही के दौरान एसीबी इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि रिश्वतखोरी के इस मामले में फिलहाल अशीष तंबोली की भूमिका ही सामने आई है,अनुसंधान में उसके साथ जुड़े किसी अधिकारी या कार्मिक का नाम सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी।