Dark Mode
अवैध बंदूकें बनाकर बेचने वाला आरोपित गिरफ्तार, छह बंदूकें बरामद

अवैध बंदूकें बनाकर बेचने वाला आरोपित गिरफ्तार, छह बंदूकें बरामद

उदयपुर। उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से बंदूकें बनाकर बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से छह बंदूकें और हथियार बनाने में उपयोग होने वाला बड़ा मात्रा में सामान बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान कानसिंह (60) पुत्र मीठेसिंह गरासिया निवासी गरासिया फला, पीपलबारा (फलासिया) के रूप में हुई है। कार्रवाई जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। यह अभियान उदयपुर एसपी अमृता दुहन के निर्देशन में चलाया जा रहा है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपित अपने घर पर अवैध हथियार बनाकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से तीन अवैध टोपीदार बंदूकें और तीन पुरानी बंदूकें बरामद हुईं। जब पुलिस ने आरोपित से हथियारों के वैध कागजात और लाइसेंस के बारे में पूछा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

पुलिस ने मौके से हथियार बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं। इनमें बंदूकों की नाल, दो ग्राइंडर, दो ड्रिल मशीन, इलेक्ट्रिक वेल्डिंग मशीन, कटर, आरी, पाना सहित अन्य औजार शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने अब तक कितनी बंदूकें अवैध रूप से बनाई और किन लोगों को बेची हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!