Dark Mode
वीडियो से ब्लैकमेल कर युवती से दुष्कर्म, 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

वीडियो से ब्लैकमेल कर युवती से दुष्कर्म, 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर की श्याम नगर थाना पुलिस ने युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय महेश चंद गुर्जर, निवासी नीमकाथाना (सीकर) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब आठ-नौ महीने पहले व्हाट्सएप के माध्यम से पीड़िता के संपर्क में आया था। बातचीत बढ़ने के बाद उसने युवती को अपने झांसे में लिया और फोन-पे के जरिए उससे चार हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

इसके बाद आरोपी ने युवती को अजमेर रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना का वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार डराया-धमकाया।

पीड़िता की शिकायत पर 11 जुलाई 2026 को श्याम नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त सत्येंद्र सिंह नेगी की निगरानी में थाना प्रभारी हरि सिंह दूधवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और पारंपरिक पुलिस कार्यप्रणाली की मदद से आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब उससे मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!