शराब ठेके से चोरी का आरोपी गिरफ्तार
धौलपुर। पचगांव चौकी के पास शराब ठेके से करीब एक महीने पहले चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। ठेके में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे चोर की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पचगांव चौकी के पास शराब के ठेके में दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी दो शराब की बोतल के साथ 52 हजार रुपए लेकर फरार हो गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर ली गई थी। वारदात के करीब एक महीने बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का आरोपी कमल सिंह उर्फ मोगिया (60) पुत्र चरण सिंह कुशवाह निवासी भागीरथ का पुरा सदर थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी से माल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।