सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर कार्यवाही
प्रतापगढ़। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निरंतर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 10 अप्रैल को जिलेभर में विशेष स्वच्छता गतिविधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। अभियान पंचायती राज मंत्री मदनलाल दिलावर के निर्देशानुसार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुण्डावत एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति दलोट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अस्वच्छता पाई गई, जहां सफाई व्यवस्था अत्यंत दयनीय स्थिति में पाई गई तथा विभिन्न स्थानों पर गंदगी के अंबार लगे हुए पाए गए। उक्त स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध 17 सीसी के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई है। इसी प्रकार शुक्रवार को भी निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत नौगांवा और खेरोट में विभिन्न स्थानों पर कचरे के ढेर पाए गए, जिस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों के विरुद्ध 17 सीसी के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई। इसके पश्चात विरावली, भचुंडला ग्राम में भी साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। इसके अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) दलोट के प्रभारी एवं ब्लॉक समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिससे इस प्रकार की लापरवाही के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था को सुचारू किया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए।