Dark Mode
एडीजे ने किया जनप्रतिनिधियों के साथ जागरूकता शिविर का आयोजन

एडीजे ने किया जनप्रतिनिधियों के साथ जागरूकता शिविर का आयोजन

श्रीगंगानगर । श्रीकरणपुर की पंचायत समिति सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीगंगानगर के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया (एडीजे) की अध्यक्षता में करणपुर पंचायत समिति के सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ ’’न्याय आपके द्वार’’ अभियान के तहत मंगलवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान एडीजे ने बताया कि 9 सितम्बर, 2023 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इसी के अंतर्गत इस जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
एडीजे ने जनप्रतिनिधियों से की अपील
एडीजे तेनगुरिया ने बताया कि 09 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए नवाचार के रूप में न्याय आपके द्वार अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि आपकी ग्राम पंचायत के ऐसे विवाद जो राजीनामा योग्य हैं, जैसे प्री-लिटिगेशन प्रकरण रास्ते के विवाद, पारिवारिक विवाद व न्यायालयों में लंबित सिविल, आपराधिक विवाद आदि में आप दोनों पक्षों के बीच प्री-काउंसलिंग की कार्यवाही कर उनके प्रकरण का जरिये राजीनामा समझौता कराने का प्रयास करें। जनप्रतिनिधियों द्वारा जरिये राजीनामा निस्तारित करवाये गये प्रकरण में ना किसी की हार होगी और ना जीत, आमजन को राहत तो मिलेगी ही व दोनों पक्षों के दरमियान आपसी सौहार्द भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिये जुलाई से ही प्री-काउंसलिंग की कार्यवाही शुरू की जायेगी। जागरूकता शिविर के दौरान इंदिरा बनैरा एडीजे, मोहनलाल बैदी, एसीजेएम द्वारा भी जनप्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
पोस्टर का किया विमोचन
जागरूकता शिविर में अतिथियों के द्वारा नवाचार पोस्टर का भी विमोचन किया गया। एडीजे तेनगुरिया ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए इस पोस्टर का विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि इस पोस्टर पर राजस्थान राज्य पीड़ित प्रतिकर स्कीम, 2011 निःशुल्क विधिक सहायता धारा 12, विधिक सेवा अधिनियम 1987, लैंगिक अपराधों से पीड़ित को निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय, अनुसूचित जाति व जनजाति संवर्ग के पीड़ित के पुनरूत्थान के लिये धारा 15 एससी,एसटी एक्ट में आर्थिक विधिक सहायता का प्रावधान, राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन, केन्द्र व राज्य की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिये प्रचार-प्रसार के लिये पोस्टर का विमोचन किया गया है। तेनगुरिया द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि इस पोस्टर को सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करवाया जाये ताकि आमजन तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
जागरूकता शिविर के दौरान इंदिरा बनैरा एडीजे, मोहनलाल, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, करणपुर, गुरतेज सिंह, अतिरिक्त ब्लॉक विकास अधिकारी, सुभाष चन्द शर्मा तहसीलदार राजस्व विभाग, सरपंच सहित अन्य उपस्थित रहे। 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!