Dark Mode
निकाय चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश

निकाय चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश

श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के संबंध में गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में आरओ-ईआरओ की बैठक वीसी के माध्यम से हुई। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निकाय चुनाव से जुड़े आरओ-ईआरओ को निर्देशित करते हुए कहा कि चुनाव से संबंधित समस्त तैयारियां निर्धारित समयावधि में सावधानीपूर्वक सुनिश्चित की जायें।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 समयबद्ध कार्यक्रम है, जिसका निर्धारित समय के अनुरूप सभी कार्य सम्पादित किये जाने हैं। चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की उदासीनता के बिना सतर्क रहकर कार्यों को पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के सभी संबंधित शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। निकाय चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार संबंधित विभागों द्वारा आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाये। आदर्श आचार संहिता के दौरान किसी प्रकार के नवीन विकास कार्य स्वीकृत नहीं किये जायंे। राजनैतिक व्यक्ति राजकीय वाहनों, सर्किट हाउस व डाक बंगलों का उपयोग नहीं कर सकेंगे। चुनाव के दौरान प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। प्रशिक्षण जितना अच्छा होगा, चुनाव कार्य उतना ही भली प्रकार से सम्पादित होगा। ईवीएम का रेण्डेमाइजेशन, मांगी गई सूचनाएं, वनरेबल पॉकेट की पहचान, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों के साथ-साथ नशीले पदार्थों के परिवहन उपयोग इत्यादि पर विशेष चौकसी रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को व चुनाव में लगे समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को किसी प्रकार का आतिथय स्वीकार नहीं करना है। अस्वस्थ कार्मिकों की जांच के लिये मेडिकल बोर्ड का गठन होगा। चुनाव में मतदान का प्रतिशत अच्छा रहे, इसको लेकर स्वीप गतिविधियां प्रारम्भ की जायंे। उन्होंने कहा कि समस्त आरओ मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करते हुए वहां मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। वृद्धजनों व विशेष योग्यजनों के लिये व्हीलचेयर की व्यवस्था की जाये। चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग द्वारा समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किये जाते हैं, संबंधित अधिकारी उनका भली प्रकार से अध्ययन कर पालना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। पहले चरण में गंगानगर जिले की नगरपालिका सूरतगढ, श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ व घडसाना और द्वितीय चरण में श्रीगंगानगर नगर परिषद, नगरपालिका सादुलशहर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर में चुनाव होंगे। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी। 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 3 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकती है। 4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान और 11 सितम्बर को द्वितीय चरण का मतदान होगा। प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा 14 सितम्बर को मतगणना होगी।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद के सभापति तथा नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव 21 सितंबर 2026 को होंगे। इससे पूर्व अध्यक्षीय पदों के लिये 15 सितम्बर को लोकसूचना जारी होगी। 16 सितम्बर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 18 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय रहेगा। इसी दिन अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 21 सितम्बर को मतदान होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।
इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिये निर्वाचन की तिथि 22 सितम्बर 2026 रहेगी। इसके लिये प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। प्रातः 11 बजे नामांकन प्रस्तुतिकरण का समय रहेगा। 11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापसी का समय रहेगा। मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक होगा तथा मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ अभिषेक जैन, एसडीएम गंगानगर नयन गौतम, जिला परिषद एसीईओ हरीराम चौहान, अरविन्दर सिंह, मनोज मोदी, विजय कुमार, योजना, विरेन्द्र पाल सिंह, मंगत सेतिया सहित प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!