Dark Mode
जैसलमेर में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त, दलों को दिए अहम निर्देश

जैसलमेर में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त, दलों को दिए अहम निर्देश

 

जैसलमेर। जिले में नगर परिषद् जैसलमेर एवं नगर पालिका पोकरण के आम चुनाव-2026 की घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा किए जाने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रामक प्रचार अथवा आचार संहिता के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने राजनैतिक दलों से प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने में सहयोग का आह्वान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक गतिविधि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी तथा सभी दलों को समान अवसर एवं समान नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए सभी राजनैतिक दलों व अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करना होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी परसाराम सैनी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने चुनाव प्रचार, सार्वजनिक सभाओं, जुलूस, पोस्टर-बैनर एवं प्रचार सामग्री के प्रदर्शन, निर्वाचन व्यय तथा अन्य संबंधित गतिविधियों के संबंध में आयोग के दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मनोहर सिंह दामोदरा, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि मनोहर सिंह नरावत, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!