त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट, कई क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट तैनात
Bhilwara : जिले में महाराणा प्रताप जयंती (17 जून) और मोहर्रम (ताजिया) के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सुभाष नगर एवं सदर थाना क्षेत्र, कोतवाली एवं भीमगंज थाना क्षेत्र के साथ-साथ गांधीनगर, प्रतापनगर और पुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना या स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए और आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो। त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिले के अन्य हिस्सों में संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट और तहसीलदार भी कानून व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही संपूर्ण व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए प्रभारी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
आदेशानुसार अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) श्रीमती प्रतिमा देवठिया को भीलवाड़ा शहर क्षेत्र का प्रभारी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) श्री प्रकाश चन्द्र रेगर को शहर क्षेत्र को छोड़कर जिले के शेष भाग की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।