अतिक्रमण पर चला प्रशासन का पीला पंजा
हाईकोर्ट के आदेश पर हटा अतिक्रमण, शमसान भूमि पर ग्रामीणों का अतिक्रमण
नदबई . नदबई क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर में स्थित शमसान भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर नदबई प्रशासन ने भारी पुलिस जाब्ते के बीच जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटवाया। शमसान भूमि पर करीब आधा दर्जन लोगों ने पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया। बाद में हाईकोर्ट में लगी जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम सिद्वार्थ पलानीचामी व तहसीलदार दीपा यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते के बीच अतिक्रमण हटाया गया।
सूत्रों की मानें तो जहांगीरपुर में स्थित शमसान भूमि की करीब पौने दो बीघा जमीन पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर लिया। इतना ही नही ग्रामीणों ने छप्परपोश मकान व पक्के मकान का निर्माण कर लिया। शमसान भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई। बाद में ६ जनवरी को हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। इस दौरान पुलिस सीओ अजय शर्मा, नायब तहसीलदार केन्द्र प्रसाद शर्मा, थाना प्रभारी रामअवतार मीणा, लखनपुर थाना प्रभारी विशम्भर गुर्जर, उच्चैन थाना प्रभारी पंजाबसिंह सहित नदबई, लखनपुर व उच्चैन पुलिस थाने का जाब्ता मौजूद रहा।