अग्निवीर भर्ती रैली के प्रवेश पत्र जारी, अभ्यर्थी ऐसे करें डाउनलोड
चूरू। आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस (एआरओ) झुंझुनूं ने जून 2026 में आयोजित आर्मी कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) में सफल रहे पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों की अगली प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
एआरओ झुंझुनूं को झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है। कार्यालय की ओर से संबंधित श्रेणियों के लिए भर्ती रैली का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
क्लर्क की रैली अक्टूबर में सीकर में
जारी कार्यक्रम के अनुसार अग्निवीर क्लर्क, जिसमें ड्यूल कैटेगरी भी शामिल है, के लिए भर्ती रैली 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक सीकर में आयोजित की जाएगी।
वहीं, अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर 10वीं पास और अग्निवीर 8वीं पास श्रेणियों के लिए शारीरिक दक्षता भर्ती रैली 30 जनवरी 2027 से 22 फरवरी 2027 तक बीकानेर में आयोजित होगी।
आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
सभी शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखना होगा।
रैली स्थल पर प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और प्रमाण पत्र लेकर पहुंचना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दर्ज रिपोर्टिंग की तारीख, समय और स्थान को ध्यान से जांच लें।
अंतिम समय का इंतजार न करें
एआरओ झुंझुनूं ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अंतिम समय की प्रतीक्षा किए बिना अपना प्रवेश पत्र पहले ही डाउनलोड कर लें और उसमें दी गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें। दस्तावेजों की कमी या निर्धारित समय पर रिपोर्ट नहीं करने से भर्ती प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।
भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एआरओ झुंझुनूं के फोन नंबर 01592-250192 और 01592-295614 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा arojhunjhunu@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से भी जानकारी ली जा सकती है।