Dark Mode
श्रीनाथपुरम स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली आज से

श्रीनाथपुरम स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली आज से

प्रशासन, पुलिस एवं सेना के अधिकारियों ने तैयारियों को दिया अन्तिम रूप

कोटा । जिले में 8 जुलाई तक श्रीनाथपुरम स्टेडियम में आयोजित की जा रही सेना अग्निवीर भर्ती की तैयारियों को अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा, सेना भर्ती निदेशक कर्नल इन्द्रजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर प्रवीण जैन के नेतृत्व में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौका निरीक्षण कर अन्तिम रूप दिया।
अतिरिक्त कलक्टर ने कहा कि सेना भर्ती केन्द्र द्वारा आयोजित की जा रही अग्निवीर सेना भर्ती में संबंधित विभाग दिए गए दायित्वों का गुणवत्ता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने 8 जुलाई तक निरंतर टीम भावना के साथ सेना भर्ती कार्यालय के समन्वय में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के मौसम में अन्य जिलों से आने वाले युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने भर्ती के दौरान साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन एवं भोजन आदि की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।
सेना भर्ती निदेशक ने कहा कि 17 जिलों के अभ्यर्थी अलग-अलग तिथियों को दौड़ में भाग लेने के लिए आएंगे। सफल अभ्यर्थी अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेंगे, 8 जुलाई को सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होगा। उन्होंने विभागवार सेना भर्ती के संबंध में दिए गए दायित्वों की जानकारी देकर बताया कि प्रति दिवस रात्रि के समय ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो जाएगा। दौड़ में विफल रहने वाले अभ्यर्थियों को समय पर वापस गन्तव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए बसों की पुख्ता व्यवस्था की जाए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर ने कहा कि सुरक्षात्मक दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल स्टेडियम के बाहर तैनात रहेगा। संबंधित विभागों के अधिकारी स्टेडियम के आस-पास पहचान पत्र लेकर आएं। अनावश्यक नागरिकों का प्रवेश वर्जित रहेगा। उन्होंने बसों की व्यवस्था एवं रेल्वे स्टेशन तक युवाओं को लाने लेजाने की व्यवस्थाओं के बारे में भी निर्देश दिए।
ये रहेगी व्यवस्था-
सेना भर्ती में आने वाले युवाओं को रेल्वे स्टेशन तक लाने लेजाने के लिए ऑटो, मिनी बस उपलब्ध रहेंगे। बसों द्वारा वापसी में अपने गृह जिले तक जाने के लिए स्टेडियम के पास ही रोडवेज की बसें उपलब्ध रहेंगी। युवाओं को सशुल्क भोजन, नाश्ता आदि के लिए स्टेडियम के बाहर केन्टीन की सुविधा रहेगी। अंदर सफल अभ्यर्थियों के लिए इंदिरा रसोई की व्यवस्था रहेगी।
सिंथेटिक ट्रैक पर होगी दौड़-
इस बार सेना भर्ती अग्निवीर में भाग लेने वाले युवाओं की दौड़ श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर होगी। जिसके लिए सेना भर्ती में भाग लेने वाले युवाओं को स्पोर्ट शूज पहनकर आने होंगे। अभ्यर्थियों को सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
दलालों से सावधान-
सेना भर्ती निदेशक कर्नल इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि सेना अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। किसी भी युवा के साथ भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने सेना अग्निवीर भर्ती में आने वाले युवाओं का आव्हान किया है कि वे किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आएं। दलालों एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें, सेना भर्ती कार्यालय के निर्देशों की पालना करें।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम दक्षिण राजेश डागा, उपायुक्त गजेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रामकल्याण मीना, उप सचिव यूआईटी भावना सिंह, उप पुलिस अधीक्षक हरिराज सिंह खरेड़ा, जिला रसद अधिकारी पुष्पा हरवानी, जिला परिवहन अधिकारी अरविन्द सिंह, उप निदेशक डीओआईटी आरती, डीईओ प्रदीप चौधरी सहित चिकित्सा, रोडवेज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!