Air India Express ने मेकमाईट्रिप के साथ मिलकर पेश किया बुकिंग मंच
मुंबई । टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों के लिए उड़ान, आवास और गाड़ियों की बुकिंग के लिए ऑनलाइन ट्रैवल फर्म मेकमाईट्रिप के साथ मिलकर साझा मंच ‘एक्सप्रेस होलिडेज’ शुरू किया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सोमवार को बयान में कहा कि मेकमाईट्रिप के साथ साझेदारी से यात्रियों की विभिन्न प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए कई तरह के आकर्षक पैकेज उपलब्ध कराए जा सकेंगे। एयरलाइन ने कहा कि एक्सप्रेस होलिडेज सेवा के तहत वेबसाइट के जरिये विशेष सौदों की पेशकश की जाएगी।
इसके साथ ही यह मंच कैब के पिक-अप, दर्शनीय स्थलों की यात्रा और अनुभवों सहित होलिडे पैकेज तक पहुंच भी मुहैया कराएगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अंकुर गर्ग ने कहा, ‘‘मेकमाईट्रिप की तरफ से संचालित ‘एक्सप्रेस होलिडेज’ की पेशकश के साथ हम पूरे देश और अपने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में उड़ानों और आवासों पर विशेष रूप से तैयार पेशकश भी दे रहे हैं।’’
इस साझेदारी के तहत मेकमाईट्रिप की वेबसाइट के होलिडे पैकेज पेज पर ‘एक्सप्रेस होलिडेज’ की मौजूदगी दिखेगी। वहां पर एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ानों के साथ खासतौर पर बनाए गए सौदे भी नजर आएंगे। मेकमाईट्रिप के मुख्य परिचालन अधिकारी (उड़ान, छुट्टियां और खाड़ी क्षेत्र) सौजन्य श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘हम एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए होलिडे पैकेज और विशेष सौदों का समूह लेकर आ रहे हैं। वे अपनी उड़ान टिकटों के साथ इनकी बुकिंग कर सकते हैं।