भविष्य के युद्ध की तैयारी में जुटीं तीनों सेनाएं, शुरू हुआ खास पाठ्यक्रम
नई दिल्ली। युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अब किसी देश की सैन्य ताकत का आकलन केवल उसके लड़ाकू विमानों, मिसाइलों, टैंकों और युद्धपोतों से नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर तकनीक, अंतरिक्ष आधारित सैन्य अभियान और स्वायत्त हथियार प्रणालियां भी युद्ध के नतीजे तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। इन बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना ने भविष्य की सैन्य चुनौतियों के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है।
इसी दिशा में 16 नवंबर को पांचवें त्रि-सेवा भविष्य युद्ध पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने किया। पाठ्यक्रम में तीनों सेनाओं के 40 सेवारत अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इनके साथ रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, ताकि सैन्य जरूरतों और तकनीकी विकास के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।
पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भविष्य के युद्धक्षेत्र में सामने आने वाली चुनौतियों को समझना और उनके अनुरूप संयुक्त सैन्य रणनीतियां तैयार करना है। उद्घाटन के दौरान जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने युद्ध के बदलते स्वरूप, उभरती तकनीकों और भविष्य में सैन्य अभियानों के दौरान आने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों पर रणनीतिक चर्चा की शुरुआत की।
दरअसल, आधुनिक युद्ध अब जमीन, समुद्र और आसमान तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर हमलों के जरिए सैन्य और सरकारी नेटवर्क को निशाना बनाना, अंतरिक्ष में मौजूद प्रणालियों को प्रभावित करना और सूचना के माध्यम से विरोधी देश की रणनीति पर असर डालना भी युद्ध का हिस्सा बन चुका है। एआई आधारित तकनीकें और स्वचालित हथियार प्रणालियां इस बदलाव को और तेज कर रही हैं। ऐसे में सैन्य अधिकारियों के लिए इन तकनीकों की जानकारी के साथ उनके व्यावहारिक इस्तेमाल को समझना भी जरूरी हो गया है।
इससे पहले आयोजित चौथे त्रि-सेवा भविष्य युद्ध पाठ्यक्रम में भी इन विषयों पर व्यापक चर्चा हुई थी। इसका आयोजन नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में किया गया था। चार सप्ताह तक चले इस कार्यक्रम में तीनों सेनाओं के अधिकारियों के अलावा सरकारी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, रक्षा उद्योग, वैज्ञानिक समुदाय और रणनीतिक विचार संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया था।
पिछले संस्करण में भू-राजनीतिक बदलावों के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम तकनीक, साइबर युद्ध, संज्ञानात्मक युद्ध, सूचना युद्ध, स्वायत्त प्रणालियों और अंतरिक्ष आधारित सैन्य अभियानों जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया था। इसके अलावा जमीन, समुद्र, हवा और अंतरिक्ष में एक साथ सैन्य अभियान संचालित करने की क्षमता विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ था।
भविष्य की सैन्य चुनौतियों में ग्रे-जोन गतिविधियां भी तेजी से महत्वपूर्ण होती जा रही हैं। इसके तहत कोई देश सीधे युद्ध छेड़े बिना साइबर हमलों, दुष्प्रचार, आर्थिक दबाव और अन्य रणनीतिक गतिविधियों के जरिए विरोधी देश को प्रभावित करने की कोशिश करता है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सैन्य नेतृत्व को पारंपरिक युद्ध कौशल के साथ नई रणनीतियों की भी समझ विकसित करनी होगी।
पांचवां त्रि-सेवा भविष्य युद्ध पाठ्यक्रम 16 नवंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सैन्य अधिकारियों और रक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाकर आधुनिक युद्ध की तकनीकों, बदलते सुरक्षा परिदृश्य और संयुक्त सैन्य अभियानों की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और भारत को भविष्य की बहुआयामी सैन्य चुनौतियों के लिए तैयार करना है।