Dark Mode
निराशा के बीच अक्षर पटेल बोले- हमें आगे देखना है, फैंस का साथ जरूरी

निराशा के बीच अक्षर पटेल बोले- हमें आगे देखना है, फैंस का साथ जरूरी

नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान अक्षर पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अपनी टीम के 75 रन पर ऑल आउट होने को 'बदकिस्मती' करार दिया। पटेल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 264 रन को डिफेंड न कर पाने को भी इस मैच में हार का एक मनोवैज्ञानिक कारण माना। अक्षर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे लगता है कि पिछले मैच बड़े टोटल को डिफेंड न कर पाने की वजह से टीम में थोड़ी हिचकिचाहट थी जिसका असर हमारे प्रदर्शन पर पड़ा। कोई भी बल्लेबाज ठीक से जम नहीं पाया। ऐसा नहीं था कि कोई सेट हो गया हो। हमने एक या दो गेंदों में ही विकेट गंवा दिए। हमने 15-16 गेंदों में छह विकेट गंवा दिए। मुझे लगता है कि यह बदकिस्मती थी, आपको इस दिन को भूलकर आगे बढ़ना होगा।" पटेल ने कहा, "अगर आप पहला ओवर देखें, तो उसमें स्विंग थी। बाद में, जब चमीरा की दूसरी गेंद पर चौका लगा, तो स्विंग खत्म हो गई और खेल का रुख बदल गया। जब आप पहली पारी में 60-70 रन बनाते हैं, तो गेंदबाज थोड़े कम मनोबल के साथ आते हैं और यह बात उनके दिमाग में कहीं न कहीं रहती है। भले ही आप खुद को मोटिवेट करें, लेकिन कहीं न कहीं आपको लगता है कि यह स्कोर बहुत कम है। पहले ओवर में काइल (जेमिसन) को स्विंग मिल रही थी, लेकिन उस एक बाउंड्री के बाद स्थिति बदल गई। मुझे नहीं लगता कि हमारे गेंदबाजों ने कुछ भी गलत किया। जिस तरह से हमने बैटिंग की, उसे मैं बदकिस्मती ही कहूंगा। हम गेंदबाजों पर दोष नहीं डाल सकते।"

पारेख को पाथुम निसांका की जगह मौका दिया गया था।
अक्षर ने कहा, "एक खिलाड़ी के तौर पर आपकी यह जिम्मेदारी होती है कि अगर आप आईपीएल या इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने जा रहे हैं, तो आपकी तैयारी कैसी होनी चाहिए। अगर आप मेरी बात करें, तो मेरी अपनी तैयारी यह है कि, अगर मैं क्रिकेट खेलने जाता हूं – चाहे वह इंटरनेशनल हो, आईपीएल हो या घरेलू – तो मैं अपनी तैयारी जरूर करता हूं, क्योंकि आप खुद ही अपनी खूबियों और कमजोरियों को जानते हैं।"
अगले मैचों में टीम में बदलाव की संभावना पर अक्षर ने कहा, "अगर आप पिछले आठ मैचों पर नजर डालें, तो यह पहली बार है जब हमने खराब क्रिकेट खेला है या हमारी टीम पूरी तरह से बिखर गई है। मुझे नहीं लगता कि अगर आप टीम में बहुत ज्यादा बदलाव करेंगे, तो आपको अच्छे नतीजे मिलेंगे। एक अच्छी सोच रखना और मानसिक रूप से तैयार रहना बहुत जरूरी है। टीम में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होंगे। लेकिन हां, मानसिक रूप से स्थिर रहना और एक साथ मिलकर आगे बढ़ना बहुत जरूरी है। अगर आप टीम में बहुत ज्यादा बदलाव करते हैं, तो आपको अच्छे नतीजे नहीं मिलेंगे।"

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!