आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का ‘‘ईसीई एवं डिजिटल साक्षरता’’ का प्रशिक्षण शिविर
टोंक। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक मजबूत बनाने के लिए बहुत से अग्रणी कदम उठाये जा रहे हैं। प्रोग्राम मैनेजर टोंक रॉकेट लर्निंग मोहित वैष्णव ने बताया कि जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला परिषद् टोंक के सहयोग से रॉकेट लर्निंग संस्था के द्वारा जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ‘‘ई स़ी ई का महत्व’’ तथा ‘‘ई सी ई के डोमेन’’ भाषा विकास, संज्ञानात्मक विकास, शारीरिक विकास, सामाजिक-भावनात्मक विकास पर सुगमकर्ता संस्था साथी मोहित वैष्णव एवं चितरंजन नामा द्वारा प्रशिक्षण दिया जाकर मिशन बुनियाद टोंक एवं डिजिटल साक्षरता के महत्व की जानकारी दी जा रही हैं। टोंक जि़ले के अंतर्गत आने वाले तीन सैक्टर की 101 कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। इस ट्रेनिंग के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास अधिकारी सरोज मीणा, सीडीपीओ संगीता दीपक, स्थानीय सुपरवाइजर शगुफ्ता बेगम, सरोज वर्मा एवं मीना गुप्ता आदि उपस्थित रहे। मोहित वैष्णव ने बताया कि रॉकेट लर्निंग संस्था वर्तमान में सात राज्यों में कार्य कर रही हैं। संस्था के इसी प्रयासों से ‘‘पोषण भी पढ़ाई भी’’ के अंतर्गत प्रारम्भिक बाल्यावस्था देख-रेख एवं शिक्षा में सहयोग के साथ साथ कार्यकर्ताओं के क्षमता संवर्धन आदि कार्य करने हेतु राज्य सरकार के द्वारा राजस्थान के 10 जिलों में कार्य करने की अनुमति प्रदान की गई।