Dark Mode
परिसीमन की निष्पक्षता पर विपक्ष के सवाल जायज ?

परिसीमन की निष्पक्षता पर विपक्ष के सवाल जायज ?

सौरभ वार्ष्णेय
भारत में परिसीमन केवल लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की सीमाएं निर्धारित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व, संघीय व्यवस्था और राजनीतिक संतुलन से सीधे जुड़ा विषय है। किसी निर्वाचन क्षेत्र की सीमा कहां से शुरू होगी और कहां समाप्त, किस राज्य को कितना प्रतिनिधित्व मिलेगा और किस क्षेत्र की राजनीतिक आवाज संसद तथा विधानसभाओं में कितनी प्रभावशाली होगी, इन सबका निर्धारण परिसीमन से होता है। इसलिए इस प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठने वाला प्रत्येक सवाल लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ जाता है यही स्वस्थ लोकतंत्र की निशानी है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के संदर्भ में मुख्य चुनाव आयुक्त की संभावित भूमिका को लेकर विपक्ष द्वारा बार-बार उठाए जा रहे सवालों को इसी व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखने की आवश्यकता है क्योंकि विपक्ष बार-बार सवाल उठा रहा है? पक्ष को भी परिसीमन बिल पास होने के बाद निष्पक्षता बरतते हुए स्वस्थ राजनीति का उदाहरण देना चाहिए।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयक एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आने वाले हैं। सरकार के सामने चुनौती केवल विधेयक पारित कराने की नहीं है, बल्कि व्यापक राजनीतिक सहमति बनाने की भी है। परिसीमन का प्रभाव आने वाले कई दशकों तक देश की राजनीतिक संरचना पर पड़ सकता है। इसलिए इसे सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच शक्ति प्रदर्शन का विषय बनाने के बजाय राष्ट्रीय सहमति का विषय बनाया जाना चाहिए।
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, कानून लागू होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय के वर्तमान अथवा पूर्व न्यायाधीश करेंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित चुनाव आयुक्त को आयोग में सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। आयोग को लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण तथा सीटों के पुनर्गठन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। राज्यों के सांसदों और विधायकों को सहयोगी सदस्यों के रूप में शामिल करने का भी प्रस्ताव है। इस प्रकार निर्वाचन आयोग की भूमिका केवल मतदाता सूची तैयार करने अथवा चुनाव कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की नई संरचना तैयार करने में भी उसकी भागीदारी होगी।
यहीं से निष्पक्षता का सवाल महत्वपूर्ण हो जाता है। पिछले कुछ समय से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता को लेकर भी आरोप लगाए हैं। कुछ रिपोर्टों में अन्य चुनाव आयुक्तों की ओर से मतदाता सूची से जुड़े कामकाज और निगरानी व्यवस्था पर आपत्ति जताए जाने के दावे सामने आए। हालांकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज किया है। इन परिस्थितियों में यदि ज्ञानेश कुमार परिसीमन आयोग के सदस्य बनते हैं तो उनकी भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस होना स्वाभाविक है।
लेकिन इस विषय को केवल किसी एक व्यक्ति के पक्ष या विपक्ष तक सीमित करना भी उचित नहीं होगा। लोकतंत्र में संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की निष्पक्षता का मूल्यांकन उनके पद की गरिमा, निर्णयों की पारदर्शिता और संस्थागत विश्वसनीयता के आधार पर होना चाहिए। किसी अधिकारी पर राजनीतिक आरोप लगना अपने आप में उसकी अयोग्यता का प्रमाण नहीं है, लेकिन जब किसी संवैधानिक संस्था के कामकाज को लेकर व्यापक अविश्वास पैदा हो जाए तो उस अविश्वास को दूर करना भी संस्था की जिम्मेदारी बन जाती है। परिसीमन जैसा दूरगामी प्रभाव वाला निर्णय ऐसी स्थिति में और अधिक संवेदनशील हो जाता है।
परिसीमन का मूल उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को लगभग समान प्रतिनिधित्व उपलब्ध कराना और जनसंख्या के अनुरूप निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करना है। सिद्धांत रूप में यह लोकतांत्रिक समानता को मजबूत करने वाली प्रक्रिया है। लेकिन भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में परिसीमन केवल जनसंख्या के गणित से तय नहीं किया जा सकता। यहां राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियां, जनसंख्या नियंत्रण में उनका प्रदर्शन, सामाजिक संरचना, क्षेत्रीय असमानताएं और संघीय संतुलन भी महत्वपूर्ण हैं।
विशेष रूप से दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं गंभीर हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया है। इन राज्यों की आशंका है कि यदि परिसीमन में जनसंख्या को ही प्रमुख आधार बनाया गया तो अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की लोकसभा सीटों में अनुपातिक वृद्धि हो सकती है, जबकि जनसंख्या नियंत्रण में सफल राज्यों का राष्ट्रीय राजनीतिक प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से कमजोर पड़ सकता है। यह स्थिति उन राज्यों के लिए अन्यायपूर्ण महसूस हो सकती है जिन्होंने राष्ट्रीय जनसंख्या नीति के उद्देश्यों को गंभीरता से अपनाया।
दूसरी ओर उत्तर भारत के अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की भी अपनी राजनीतिक और लोकतांत्रिक दलील है। उनका तर्क हो सकता है कि अधिक मतदाताओं वाले क्षेत्रों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। आखिरकार लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मत का समान मूल्य होना चाहिए। इसलिए परिसीमन की चुनौती यह है कि जनसंख्या आधारित प्रतिनिधित्व और राज्यों के बीच संघीय संतुलन के बीच ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिससे किसी क्षेत्र को यह महसूस न हो कि उसके राजनीतिक महत्व को कम किया जा रहा है।
प्रस्तावित विधायी व्यवस्था में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक किए जाने का प्रावधान चर्चा में है। सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि और राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को कम करने का प्रयास माना जा रहा है। इसके साथ 2011 की जनगणना के आंकड़ों को परिसीमन का आधार बनाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन प्रावधानों का वास्तविक प्रभाव तभी स्पष्ट होगा, जब विधेयक का अंतिम स्वरूप, संवैधानिक प्रावधान और आयोग के अधिकार सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होंगे।
यहां एक और महत्वपूर्ण प्रश्न है कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में राजनीतिक पक्षपात की आशंका को किस प्रकार समाप्त किया जाएगा। दुनिया के कई लोकतांत्रिक देशों में जेरीमेंडरिंग की समस्या सामने आती रही है। इसमें निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बनाई जाती हैं कि किसी विशेष राजनीतिक दल या समूह को चुनावी लाभ मिल सके। भारत में भी परिसीमन को लेकर ऐसी आशंकाएं व्यक्त की जाती रही हैं। इसलिए आयोग की संरचना से लेकर उसके निर्णयों तक हर स्तर पर पारदर्शिता आवश्यक है।
परिसीमन आयोग की अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय के वर्तमान अथवा पूर्व न्यायाधीश को सौंपने का प्रस्ताव न्यायिक अनुभव और निष्पक्षता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। लेकिन केवल अध्यक्ष का न्यायिक पृष्ठभूमि से होना पर्याप्त नहीं होगा। आयोग के सभी सदस्यों की भूमिका, निर्णय लेने की प्रक्रिया, आंकड़ों का आधार, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के निर्धारण के मानदंड और आपत्तियों के निस्तारण की व्यवस्था भी स्पष्ट होनी चाहिए। जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि किसी भी क्षेत्र की सीमा राजनीतिक सुविधा अथवा चुनावी लाभ के लिए निर्धारित नहीं की जा रही है।
ज्ञानेश कुमार की संभावित सदस्यता के संदर्भ में भी सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आयोग की कार्यप्रणाली किसी एक पदाधिकारी की व्यक्तिगत छवि या राजनीतिक विवादों से प्रभावित न हो। मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति और संवैधानिक भूमिका से जुड़े प्रावधानों का सम्मान करते हुए आयोग को सामूहिक निर्णय प्रणाली के तहत काम करना चाहिए। यदि किसी सदस्य को लेकर गंभीर सार्वजनिक संदेह है तो उस संदेह का समाधान पारदर्शी प्रक्रिया और स्पष्ट जवाबदेही से किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में निष्पक्षता केवल होनी ही नहीं चाहिए, बल्कि उसका दिखाई देना भी आवश्यक है।
विपक्ष को भी केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित रहने के बजाय परिसीमन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने के लिए ठोस सुझाव देने चाहिए। वहीं केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि वह दक्षिणी राज्यों, छोटे राज्यों, क्षेत्रीय दलों और विभिन्न सामाजिक समूहों की चिंताओं को गंभीरता से सुने। किसी भी राज्य को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि जनसंख्या नियंत्रण में सफलता उसके राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए दंड बन रही है।
महिला आरक्षण का विषय भी परिसीमन से गहराई से जुड़ा हुआ है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। लेकिन महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिसमें प्रतिनिधित्व का विस्तार हो और परिसीमन को लेकर पैदा होने वाले क्षेत्रीय विवादों का समाधान भी निकले। महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का वास्तविक अवसर देना केवल संवैधानिक प्रावधान नहीं, बल्कि लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में आवश्यक कदम है।
सवाल यह नहीं है कि परिसीमन आयोग में ज्ञानेश कुमार होंगे या कोई अन्य चुनाव आयुक्त। मूल सवाल यह है कि क्या देश को ऐसी प्रक्रिया मिलेगी, जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों भरोसा कर सकें? क्या दक्षिण और उत्तर के राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन कायम रहेगा? क्या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं किसी राजनीतिक दल के लाभ के बजाय लोकतांत्रिक न्याय के आधार पर तय होंगी?
भारत का लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता और संस्थाओं पर जनता के विश्वास से मजबूत होता है। परिसीमन देश के लोकतांत्रिक भविष्य की नई रूपरेखा तैयार करने वाली प्रक्रिया है। इसलिए इसमें जल्दबाजी, राजनीतिक दबाव और संदेह की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि परिसीमन आयोग की संरचना और कार्यप्रणाली इतनी पारदर्शी हो कि उसके निर्णयों पर सवाल उठाने की आवश्यकता ही न्यूनतम रह जाए। क्योंकि लोकतंत्र में सीमाएं भले ही निर्वाचन क्षेत्रों की निर्धारित की जाती हों, लेकिन उन सीमाओं के भीतर रहने वाले नागरिकों के विश्वास की कोई सीमा नहीं होनी चाहिए।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!