थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे का सूरतगढ़ दौरा
सूरतगढ़. थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने सूरतगढ़ मिलिट्री स्टेशन में आयोजित 'राष्ट्रपति निशान प्रदान' कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना की चार आर्मर्ड रेजीमेंटो, 49 आर्मर्ड रेजिमेंट, 51 आर्मर्ड रेजिमेंट, 53 आर्मर्ड रेजिमेंट और 54 आर्मर्ड रेजिमेंट को प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति निशान' प्रदान किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और भूतपूर्व सैनिक उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में चारों आर्मर्ड रेजीमेंटों द्वारा टैंकों के साथ एक भव्य परेड भी की गई। आर्मर्ड कोर भारतीय सेना की प्रमुख लड़ाकू फोर्स में से एक हैं। आजादी के बाद से युद्धों के दौरान आर्मर्ड रेजीमेंटों ने जो शौर्य, साहस और धैर्य दिखाया हैं, वह असाधारण हैं। थल सेनाध्यक्ष ने 'निशान प्रदान' परेड की समीक्षा की और युद्ध और शांतिकाल में आर्मर्ड कोर द्वारा प्रदर्शित वीरता, बलिदान और परंपराओं की समृद्ध विरासत की सराहना की। सेना प्रमुख ने अपने संबोधन में निशान प्राप्त करने वाली आर्मर्ड रेजीमेंटों की सराहना की तथा सभी रैंकों एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने यह भी बताया कि आधुनिक और पेशेवर भारतीय मैकेनाइज्ड फोर्स भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार हैं और सभी खतरों से देश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।