लोक कला जत्था के कलाकारों ने बकाया भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
सवाई माधोपुर। खंडार विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में 'ग्राम रथ अभियान' के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले लोक कला जत्था के कलाकारों ने अपने बकाया भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को ज्ञापन भेजा है। भवानी शंकर मीणा एंड पार्टी (घुड़ासी) के ग्रुप लीडर भवानी शंकर मीणा ने पत्र में बताया कि जिला परिषद सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार उनकी पार्टी ने ग्राम रथ अभियान में 28 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 में खंडार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा पंचायत समिति सवाई माधोपुर में तीन दिवसीय (14, 15 एवं 16 मई 2026) लोक कला कार्यक्रमों का सफल प्रदर्शन किया था। कलाकारों का कहना है कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों के सभी कलाकारों को उनका पारिश्रमिक मिल चुका है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र खंडार कि कुछ ग्राम पंचायते सवाई माधोपुर पंचायत समिति क्षेत्र में दिए गए कार्यक्रमों का भुगतान लंबे समय बाद भी अटका हुआ है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को 7 जुलाई और 17 अगस्त 2026 को लिखित में अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कलाकारों ने पत्र में उल्लेख किया है कि 16 मई 2026 को ग्राम कुश्तला में मुख्यमंत्री की ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके कार्यों की सराहना की थी। पीड़ित कलाकारों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर को तुरंत प्रभाव से बकाया भुगतान करवाने के आदेश जारी करने का आग्रह किया है।