ASUS की टैबलेट बाजार में वापसी, लॉन्च किया दमदार Pad T3201
नई दिल्ली। टेक कंपनी ASUS ने टैबलेट बाजार में अपनी वापसी का ऐलान करते हुए नया ASUS Pad (T3201) पेश किया है। कंपनी का यह नया डिवाइस प्रीमियम डिस्प्ले, दमदार हार्डवेयर और लंबी बैटरी लाइफ के साथ पेश किया गया है, जो मनोरंजन और उत्पादकता दोनों जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस टैबलेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी 12.2 इंच की 2.8K डुअल-लेयर OLED डिस्प्ले है। 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आने वाली यह स्क्रीन स्मूथ विजुअल अनुभव देने का दावा करती है। डुअल-लेयर OLED तकनीक के कारण डिस्प्ले न सिर्फ बेहतर ब्राइटनेस प्रदान करती है, बल्कि बिजली की खपत को कम करने और पैनल की उम्र बढ़ाने में भी मदद करती है। स्क्रीन की अधिकतम ब्राइटनेस 600 निट्स तक पहुंचती है।
परफॉर्मेंस के लिए ASUS Pad (T3201) में MediaTek Dimensity 8300 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm तकनीक पर आधारित है। यह चिपसेट बेहतर स्पीड और पावर एफिशिएंसी का संतुलन प्रदान करता है। टैबलेट में 8GB LPDDR5X रैम के साथ 128GB और 256GB UFS 3.1 स्टोरेज विकल्प उपलब्ध हैं।
कनेक्टिविटी के मामले में भी डिवाइस काफी आधुनिक फीचर्स के साथ आता है। इसमें Wi-Fi 6E और Bluetooth 5.3 का सपोर्ट दिया गया है, जिससे तेज इंटरनेट कनेक्शन और कम लेटेंसी वाला अनुभव मिलता है। वीडियो कॉलिंग और फोटोग्राफी के लिए इसमें 5MP का फ्रंट कैमरा और 13MP का रियर कैमरा मौजूद है।
बैटरी की बात करें तो ASUS ने इसमें 9000mAh की बड़ी बैटरी दी है, जो लंबे समय तक उपयोग के लिए डिजाइन की गई है। साथ ही 45W USB Type-C फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस करीब 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है।
फिलहाल ASUS ने टैबलेट की कीमत और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि इसके फीचर्स को देखते हुए यह डिवाइस प्रीमियम टैबलेट सेगमेंट में मजबूत प्रतिस्पर्धा पेश कर सकता है।