दिव्यांग मतदाताओं की लोकतांत्रिक सहभागिता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन
जोधपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग की ओर से दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी दक्षिण श्रीमती अर्चना व्यास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के महत्व, अपने मताधिकार के प्रयोग तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया। साथ ही समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता का प्रसार किया गया। इस अवसर पर स्वीप के तहत समावेशी मतदान की भावना को सुदृढ़ करते हुए यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र मतदाता की सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाती है। रैली के माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं को निर्भीक एवं जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।