बालोतरा : जिला कलक्टर ने किया टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पोस्टर का विमोचन
बालोतरा। जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने मंगलवार को टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन कार्यक्रम को गति देते हुए टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने टीबी मरीजों से संवाद किया, उन्हें पोषण किट वितरित किए, बीमारी के कारणों को जाना और परिजनों को मरीजों का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पोस्टर का विमोचन- जिला कलक्टर श्री यादव ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि हर ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी ग्रामीण एकजुट होकर इस अभियान में सहयोग दें, ताकि कोई भी टीबी मरीज इलाज से वंचित न रहे और समाज को इस बीमारी से मुक्त किया जा सके। इस पोस्टर को ग्राम पंचायतों में लगाया जाएगा, ताकि लोगों को टीबी के लक्षणों, उपचार और बचाव के बारे में जानकारी मिल सके।
मरीजों से संवाद और पोषण किट का वितरण- श्री यादव ने इस दौरान टीबी मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों से उनकी बीमारी के कारणों, उपचार की स्थिति और दैनिक जीवन में आ रही परेशानियों के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने मरीजों को बेहतर पोषण के महत्व को समझाते हुए पोषण किट वितरित किए। इन किट में दालें, सोयाबीन, तेल, साबुन और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल है, जो मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक ऊर्जा और पोषक तत्व प्रदान करेंगे। संवाद के दौरान श्री यादव ने टीबी मरीजों के परिजनों को विशेष ख्याल रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मरीज को नियमित रूप से दवाएं देना, पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना और स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने परिजनों को समझाया कि टीबी एक लाइलाज बीमारी नहीं है, लेकिन इसके लिए धैर्यपूर्वक और पूरा इलाज लेना जरूरी है।
जल्द स्वस्थ होने की कामना- जिला कलक्टर श्री यादव ने सभी टीबी मरीजों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे टीबी मरीजों की नियमित निगरानी करें, उन्हें दवाएं और पोषण किट समय पर उपलब्ध कराएं और जन जागरूकता कार्यक्रमों को गति दें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप देवात समेत अन्य अधिकारी एवं मरीजों के परिजन भी उपस्थित रहे।