सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में गूंजे बमबम भोले के जयकारे
सरदारशहर। सावन का तीसरा सोमवार इदक मास में आने के कारण शिवालयों में शिवभक्तों का तांता लगा रहा। इदक मास के प्रथम सोमवार को शहर के शिवालयों में प्रातः 5बजे से ही श्रद्धालुओं का शिव अभिषेक करने के लिए तांता लगना शुरू हो गया। कस्बे में राजवाले कुएं के पास स्थित प्राचीन शिवालय में श्रद्धालुओं ने दुग्ध एवं जला अभिषेक किया। इसी क्रम में श्री ईच्छा पूर्ण बालाजी मंदिर में मंदिर निर्माता स्व. सेठ मूलचंद मालू की धर्मपत्नी विजियादेवी मालू एवं पुत्री निलमदेवी व दामाद तरुण धाडेवा ने दुग्ध अभिषेक किया। इस अवसर पर पं. शिवकांत शर्मा, पं.कृष्ण देराश्री ने पूजा अर्चना करवायी। इस अवसर पर पूरे शिवालय को फूलो से सजाया गया। सब्जी मंडी स्थित रघुनाथजी मंदिर शिवालय, रेलवे स्टेशन के पास गणेश मंदिर एवं कृषि मंडी स्थित गणेश मंदिर में बने शिवालयों में भक्तों ने भांग, धतुरे आक व बेलपत्र व फलो से भगवान आसुतोष की पूजा की। मंदिरों में बम बम भोले के जयकारों की गूंज सुर्योदय के साथ ही गुंजायमान होने लगी और दिनभर मंदिरों में भजन किर्तन का दौर जारी रहा।