बारां: संभागीय आयुक्त ने सरकारी कार्यालयों का किया निरीक्षण, अनियमितताओं पर जताई नाराजगी
बारां। संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थागत खामियां एवं अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय भौंरा, आंगनबाड़ी केन्द्र भौंरा, पशु चिकित्सा उपकेन्द्र भौंरा, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गजनपुरा, महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरखण्डी तथा पशुधन विकास उपकेन्द्र बोरखण्डी का अवलोकन किया गया। पशु चिकित्सा उपकेन्द्र भौंरा निरीक्षण के समय बंद पाया गया, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्टीकरण के निर्देश दिए गए। राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय भौंरा में पोषाहार रजिस्टर में नियमित प्रविष्टियां नहीं पाई गईं तथा शाला दर्पण पोर्टल पर विद्यार्थियों की संख्या का अद्यतन नहीं किया जा रहा था। विद्यालय में कुल 23 स्टाफ में से 9 कार्मिक अन्य ड्यूटी में लगे पाए गए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संभागीय आयुक्त ने 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी प्रधानाचार्य को दिए। आंगनबाड़ी केन्द्र भौंरा में कुल 23 पंजीकृत बच्चों में से मात्र 3 बच्चों की उपस्थिति पाई गई, वहीं कार्मिक भी अनुपस्थित मिले। साथ ही पोषाहार रजिस्टर का संधारण भी संतोषजनक नहीं पाया गया। संभागीय आयुक्त ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गजनपुरा सहित अन्य संस्थानों का भी निरीक्षण किया तथा सभी संबंधित विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।