Dark Mode
बारां: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ

बारां: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ

बारां। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 (01 जनवरी से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, बारां के परिसर में किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवर लाल जनागल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव सक्सेना, जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि नागरिकों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना तथा मोबाइल का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाना जैसे नियम अपनाकर कई बहुमूल्य जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा ने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस माह के दौरान आमजन को यातायात नियमों एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज विद्यार्थियों के लिए कार्यशालाएं, साइकिल व हेलमेट रैलियां, निबंध, स्लोगन व पोस्टर प्रतियोगिताएं, वाहन चालक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य व नेत्र जांच शिविर, पैदल यात्री रैली, ऑनलाइन क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण शामिल हैं। एएसपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं के आंकड़ों की जानकारी देते हुए नियमों के सख्त पालन का संदेश दिया। वहीं सीएमएचओ ने सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली गंभीर चोटों एवं उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जानकारी साझा की। प्रदर्शनी में सड़क संकेतों, सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों, दुर्घटना से बचाव के उपायों तथा आपातकालीन सहायता संबंधी जानकारियों को पोस्टर, चार्ट एवं चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!