ब्यावर : बारिश के कारण निर्माणाधीन मकान भरभराकर हुआ जमींदोज
- मलबे में दबी गायो को कडी मशक्कत के बाद निकाला
ब्यावर। बीते दो दिनो से लगातार हो रही बारिश के कारण ब्यावर शहर के रास बाबरा रोड स्थित गुंजन नगर में एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त निर्माण कार्य बंद था और मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। गुंजन नगर में भोमिया जी के थान निवासी मुकेश जांगिड़ के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। ग्राउंड फ्लोर की छत का निर्माण दो माह पहले ही हो चुका था और दूसरे तल पर एक हॉल की आरसीसी छत भी बन चुकी थी। जिसकी बल्लियां और शटरिंग भी हटा दी गई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। बुधवार शाम को अचानक निर्माणाधीन मकान ढह गया। इस दौरान बारिश से बचने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कुछ गायें खड़ी थी जो मलबे के नीचे दब गई। हादसे की खबर तेजी से शहर में फैली और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सदर थाना पुलिस ने भीड़ को घटनास्थल से दूर किया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। दो जेसीबी से राहत कार्य चलाया गया। तहसीलदार हनुत सिंह, पीडब्लूडी के कनिष्ठ अभियंता, अविविनिलि की टीम और वंदे गौ मातरम् के सदस्य ने राहत कार्य में सहयोग किया। देर शाम तक मलबे में दबी गायों को निकालने के प्रयास जारी थे। सदर थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर मौजूद रहा।