ब्यावर : कोर्ट के आदेश पर बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया
- नष्टीकरण समिति ने 38 प्रकरणों से जुड़े मादक पदार्थों का नष्ट किया
ब्यावर । ब्यावर पुलिस ने बुधवार को न्यायालय के आदेश पर बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई श्री सीमेंट फैक्ट्री परिसर में की गई। जिला पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित नष्टीकरण समिति ने 38 प्रकरणों से जुड़े मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। इनमें 46 क्विंटल डोडा पोस्त, 2383 अफीम के पौधे, 26 ग्राम स्मैक, 125 ग्राम एमडीएमए और 27 किलोग्राम गांजा शामिल थे, जिन्हें जलाकर नष्ट किया गया। न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई- जिला पुलिस अधीक्षक श्यामसिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 52-ए के तहत न्यायालय से आदेश लेकर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक और सभी थानाधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे जिले को नशा मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।