Dark Mode
भूमाफियाओं से सावधान! नगर परिषद ने जारी की बड़ी चेतावनी

भूमाफियाओं से सावधान! नगर परिषद ने जारी की बड़ी चेतावनी

जैसलमेर : जैसलमेर नगर परिषद ने शहरवासियों को भूमाफियाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए राजकीय भूमि की खरीद-फरोख्त से बचने की अपील की है। परिषद का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व बिना वैधानिक दस्तावेजों के सरकारी जमीन बेचकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सौढ़ा ने बताया कि म्याजलार रोड, एयरपोर्ट रोड, तोताराम की ढाणी, सुदासर और बाड़मेर बाईपास रोड क्षेत्र में कुछ भू-माफियाओं ने सरकारी भूमि का अवैध रूप से सौदा किया, जिसे कई लोगों ने खरीद भी लिया। हाल ही में 1 जुलाई को तोताराम की ढाणी और म्याजलार रोड स्थित नगर परिषद की भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई है।

आयुक्त ने आमजन से कहा कि किसी भी भूखंड या जमीन को खरीदने से पहले उसके सभी वैधानिक दस्तावेज, पट्टा और लीज डीड की जांच अवश्य करें। साथ ही भूमि की खरीद कानूनी रूप से पंजीकृत करवाने के बाद ही करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद की ओर से महारावल बृजराजसिंह आवासीय योजना प्रस्तावित की गई है, जिसमें करीब 4,500 भूखंड विकसित किए जाएंगे। इनमें से लगभग 1,000 भूखंड कमजोर आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित रखे गए हैं। योजना शुरू होने के बाद पात्र लोगों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

नगर परिषद ने साफ किया है कि प्रस्तावित योजना क्षेत्र या अन्य सरकारी जमीन पर किए जाने वाले स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिषद ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूमाफिया के झांसे में आकर सरकारी भूमि की खरीद-फरोख्त न करें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!