भरतपुर हादसा : मिट्टी की ढाय गिरने से 4 की मौत, 2 घायल
भरतपुर। राजस्थान-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर स्थित भरतपुर जिले के गहनोली मोड़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव नगला जंगी में चंबल प्रोजेक्ट के तहत खोदी गई लाइन से मिट्टी लेने पहुंचे मजदूरों पर अचानक मिट्टी की ढाय गिर पड़ी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा उस समय हुआ जब उत्तू आगरा (उत्तर प्रदेश) गांव के कुछ लोग चंबल की पाइपलाइन डालने के लिए खोदे गए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे से मिट्टी भर रहे थे। अचानक मिट्टी की एक बड़ी ढाय ढह गई और छह लोग उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार मचने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में अनुकूल, विमला देवी, योगेश कुमारी और विनोद देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। दो अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर कमर चौधरी, पुलिस अधीक्षक मृदुल कछावा और एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
इस हृदयविदारक हादसे ने इलाके में शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय लोगों में रोष है कि चंबल परियोजना के तहत खुदाई कार्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा देने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भरतपुर हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को समुचित चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''भरतपुर के रूपवास क्षेत्र में मिट्टी ढहने की दर्दनाक घटना में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। घायलों को समुचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।''
राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''भरतपुर में पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्टी ढहने से हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मेरी शोक संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।'' राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भरतपुर हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, ''यह बेहद दुखद है कि भरतपुर में मिट्टी ढहने की घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें, तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करे कि ऐसे प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो एवं कोई लापरवाही न बरती जाए।''