भीलवाड़ा को मिली ई-बसों की सौगात, सफर होगा स्मार्ट
Bhilwara : शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम के जरिए ई-बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। इस योजना के तहत भीलवाड़ा को स्वच्छ, सुरक्षित और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जयपुर में 29 और भीलवाड़ा में 18 ई-बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा बस डिपो, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और संचालन व्यवस्था के लिए लगातार सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएंगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों में महिलाओं, विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में लगे सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे और यात्रियों को अधिक सुरक्षित सफर उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सेवा लोगों की दैनिक यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी। साथ ही प्रदेश के शहरों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
नगर निगम परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ई-बस सेवा से लोगों को किफायती, सुरक्षित और वातानुकूलित यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही डीजल और पेट्रोल पर निर्भरता घटने से प्रदूषण कम होगा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा का देश के चुनिंदा शहरों में शामिल होना गौरव की बात है। वहीं मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को नई गति मिलेगी।